आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने पुलिस अधीक्षक के गोपनीय रीडर नवीन त्यागी पर कैंची से हमला कर दिया। घटना हरिवाटिका चौक से आगे रात करीब 11 बजे की बतायी जा रही है। हमले में नवीन त्यागी घायल हो गये, जिन्हें उनके साथ मौजूद सिपाही रितेश कुमार ने तत्काल जीएमसीएच में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, नवीन त्यागी अपने साथी सिपाही रितेश कुमार के साथ सिविल ड्रेस में बाइक से क्वार्टर लौट रहे थे। इसी दौरान युवकों के एक समूह ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने छिनतई का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने कैंची से हमला कर दिया। कैंची कमर में लगने से नवीन त्यागी घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल रीडर से घटना की जानकारी ली। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आर्यन, विकास, विनय, अंकित, कृष, प्रियांशु और नंदकिशोर के रूप में हुई है। सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छिनतई की नीयत से हमला किये जाने की बात सामने आयी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






