20 सितंबर तक पोर्टल पर कर सकेंगे पंजीकरण, युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर विचार रखने का मिलेगा अवसर
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनकी प्रतिभा, चिंतन और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का क्विज चरण शुरू हो गया है। अभियान को लेकर गुरुवार को जिला युवा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें जिला युवा पदाधिकारी शशांक मित्तल ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बनने की अपील की। जिला युवा पदाधिकारी ने बताया कि मेरा युवा भारत (MY Bharat) मंच के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को स्वयंसेवा, मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इच्छुक युवा 20 सितंबर तक मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को केवल प्रतियोगिता का अवसर ही नहीं देता, बल्कि उन्हें देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी सोच और सुझाव रखने के लिए एक व्यापक मंच भी उपलब्ध कराता है। क्विज के विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार, नवाचार और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने तथा विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने दृष्टिकोण और विचार साझा करने का भी अवसर प्राप्त हो सकता है। इस पहल को युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। जिला युवा पदाधिकारी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, युवा संगठनों एवं विभिन्न युवा समूहों से अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है।






