मामले की तहकीकात व पहचान में ड्यूटी पुलिस
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। कुमारबाग रेलवे स्टेशन परिसर में फुट ओवरब्रिज के समीप गुरुवार को करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद स्टेशन परिसर में यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। बताया जाता है कि युवक स्टेशन के समीप बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से युवक के संबंध में जानकारी ली। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। युवक के पास मिले सामान और दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने युवक के हुलिए के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। आसपास के गांवों में भी पुलिस टीम द्वारा युवक की पहचान को लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल शव की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।






