Monday, August 31, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास तौलहा रेलवे क्रॉसिंग के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या...

तौलहा रेलवे क्रॉसिंग के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा जांच का विषय

0
2

रमेश ठाकुर – रामनगर पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 31-08-2026

रामनगर। पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तौलहा रेलवे क्रॉसिंग, गेट संख्या 26/ई के समीप सोमवार सुबह एक युवक का शव रेल ट्रैक के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गोरखपुर–नरकटियागंज रेलखंड पर पिलर संख्या 256/5 एवं 256/7 के बीच, पूर्व रेलमंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय के आवास से करीब 50 मीटर की दूरी पर मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे लाइन के किनारे तक पहुंचने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से रास्ता जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से लोग रोजमर्रा के कार्यों एवं नित्यक्रिया के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में कुछ लोगों ने आशंका जताई कि युवक की मौत किसी अन्य स्थान पर हुई हो और शव को देर रात यहां लाकर रेल पटरी के आसपास छोड़ा गया हो। हालांकि, शव की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई अथवा किसी अन्य कारण से, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटनास्थल पर युवक के शरीर एवं सिर के आसपास चोट के निशान तथा खून दिखाई देने की बात सामने आई है। इन परिस्थितियों को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने मामले की बारीकी से जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मौत दुर्घटना है अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

घटना की सूचना मिलने पर नरकटियागंज जीआरपी थाना के अधिकारी तथा रामनगर थाना के सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव की पहचान एवं मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जांच में घटनास्थल की स्थिति, युवक को लगी चोटों, आसपास के साक्ष्यों तथा रेलवे ट्रैक के आसपास की गतिविधियों को भी ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत रेल दुर्घटना में हुई या मामला कुछ और है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!