आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिमी चंपारण
चनपटिया के युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 अगस्त को गणेश प्रसाद हाई स्कूल परिसर में मेगा जॉब कैंप आयोजित किया जाएगा। विधायक अभिषेक रंजन की पहल पर पहली बार इतने बड़े स्तर पर रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की तैयारी है। शिविर में अलग-अलग कंपनियों की ओर से युवाओं की योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

अभ्यर्थियों को एक ही परिसर में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत और नौकरी से संबंधित जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा। इससे रोजगार की तलाश में जुटे स्थानीय युवाओं को कई विकल्प एक साथ उपलब्ध होंगे।
आयोजकों के अनुसार कैंप का उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। विधायक अभिषेक रंजन ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। कैंप को लेकर क्षेत्र के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।






