‘सक्षम प्रोजेक्ट’के संयुक्त तत्वाधान में किया गया आयोजन।
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
ग्रामीण विकास और कृषि को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी सेवा आश्रम, जौरा एवं एचडीएफसी बैंक ‘परिवर्तन’ के ‘सक्षम प्रोजेक्ट’ के संयुक्त तत्वावधान में वाल्मीकिनगर क्षेत्र के छह गांवों के 120 किसानों के बीच उन्नत किस्म के बीजों का वितरण किया गया. इस पहल का उद्देश्य किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और ग्रामीण क्षेत्र में आत्मनिर्भर खेती को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम के तहत संतपुर, दरुआबारी, लक्ष्मीपुर, थारी, चरघरिया और रमपुरवा गांव के 20-20 किसानों को बीज उपलब्ध कराए गए. किसानों को मक्का, बाजरा, अरहर के साथ मूली, भिंडी, लौकी, घेवड़ा, करेला और कद्दू जैसी सब्जियों के बीज भी दिए गए. इससे किसानों को खरीफ एवं सब्जी उत्पादन में विविधता लाने का अवसर मिलेगा.

मौके पर महात्मा गांधी सेवा आश्रम के बिहार राज्य समन्वयक दुर्गेश गुप्ता ने कहा कि संस्था एचडीएफसी बैंक ‘परिवर्तन’ के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्नत बीजों के उपयोग से किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी. कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बीजों की सही बुआई, जैविक खाद के प्रयोग, फसल प्रबंधन और देखरेख की तकनीक के बारे में जानकारी दी. बीज प्राप्त कर किसानों ने खुशी जताते हुए इस पहल के लिए संस्था और बैंक का आभार व्यक्त किया.

इस अवसर पर विलेज मोबिलाइजेशन कार्यकर्ता भूपेंद्र काजी, राहुल कुमार, अतुल कुमार, अनीता देवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.






