विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पवित्र सावन माह की तीसरी सोमवारी पर बगहा स्थित बाबा विश्वंभरनाथ धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों भक्तों ने बाबा विश्वंभरनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंजता रहा। दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा विश्वंभरनाथ का दर्शन किया। भक्तों ने भगवान शिव के साथ मंदिर परिसर में विराजमान हनुमान जी के भी दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान महावीरी झंडे के साथ विभिन्न अखाड़ों की ओर से आकर्षक प्रदर्शन और झांकियां प्रस्तुत की गईं। अखाड़ों के सदस्यों ने अपनी पारंपरिक शक्ति और कला का प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह के साथ महावीरी झंडे का माहौल भी देखने को मिला। बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के आसपास लगे मेले का भी आनंद उठाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा गया। दुकानों पर भी दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही।

सावन की सोमवारी पर बगहा में आस्था का यह संगम हर वर्ष खास आकर्षण का केंद्र बनता है। बाबा विश्वंभरनाथ धाम में जहां शिवभक्तों की श्रद्धा देखने को मिलती है, वहीं महावीरी झंडे के साथ तिरंगा और भगवा रंग का संगम पूरे वातावरण को देशभक्ति और धार्मिक आस्था से सराबोर करता नजर आया। श्रद्धालुओं के उत्साह और जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।






