नकाबपोश अपराधियों ने चार अगस्त को ग्राहक सेवा केंद्र से लूटे थे छह लाख रुपये
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
रामनगर/बगहा। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र में बीते चार अगस्त को हुई सीएसपी संचालक से छह लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में लूटकांड के मास्टरमाइंड व लाइनर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मटिहरिया थाना क्षेत्र के लछनौत्ता गांव निवासी फारूक अंसारी के 23 वर्षीय पुत्र अयूब अंसारी के रूप में हुई है। जिसको पुलिस ने उसे रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से लूटकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बताया जाता है कि चार अगस्त को रामनगर थाना क्षेत्र में नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी अनुसंधान और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अयूब अंसारी की भूमिका संदिग्ध मिली, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसकी गिरफ्तारी कर ली गई।

मिली पुलिस सूत्रो से जांच में अयूब को कथित तौर पर लूटकांड का लाइनर एवं मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसके द्वारा अपराधियों को घटनास्थल, रुपये की उपलब्धता और अन्य आवश्यक जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लूटकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, लूट की रकम और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य सामान की बरामदगी के लिए भी पुलिस टीम प्रयासरत है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में शामिल अन्य आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।






