Tuesday, August 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास पंचायत समिति की विशेष बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, शिक्षा-स्वास्थ्य से...

पंचायत समिति की विशेष बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर खाद आपूर्ति तक उठे सवाल

0
13

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत गंडक पार के ठकराहा प्रखंड परिसर में सोमवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक प्रखंड प्रमुख अंजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खासकर जीपीडीपी, बीपीडीपी, डीपीडीपी तथा 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से प्राप्त होने वाली योजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रखंड पदाधिकारी आरके नंदन राघव सहित प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। हालांकि, प्रखंड पदाधिकारी ने बताया कि पटना में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण कुछ विभागों के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। विशेष पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, खाद-आपूर्ति सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

श्रीनगर पंचायत के क्षेत्र पंचायत समिति सदस्य प्रदीप चौरसिया ने विद्यालयों में शिक्षकों के प्रतिनियोजन का मुद्दा उठाते हुए इस पर सवाल किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रतिनियोजन से विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है, जिस पर विभाग को गंभीरता से विचार करना चाहिए।वहीं ठकराहा के क्षेत्र पंचायत समिति सदस्य श्रीप्रकाश गुप्ता ने खाद-आपूर्ति कार्यालय के लगातार बंद रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कार्यालय बंद रहने के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यालय का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की। बैठक में पंचायतों में प्रस्तावित विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के चयन में क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। विशेष पंचायत समिति की बैठक में प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों के मुखिया, क्षेत्र पंचायत समिति सदस्य, विधायक प्रतिनिधि एवं सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!