21वीं वाहिनी एसएसबी में ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा आयोजित हुई
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण): 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बगहा द्वारा भारत सरकार के ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा के साथ हुई। इस यात्रा में वाहिनी के सभी अधिकारी एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ पूरे परिसर में मार्च किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगा यात्रा के उपरांत वाहिनी परिसर में स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने एसएसबी के जवानों के साथ मिलकर सामूहिक ‘वंदे मातरम’ का गायन किया। इस दौरान पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। इसके बाद कमांडेंट श्री राउत ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ रखा गया, जिसमें बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से देशभक्ति और विकास की झलक प्रस्तुत की। सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय भावना का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।






