बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
दरौंदा, अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दरौंदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के डीबी गांव में रविवार को छापेमारी कर करीब 250 लीटर विदेशी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिलेभर में शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दरौंदा पुलिस को डीबी गांव में अवैध शराब रखे जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह एवं अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 250 लीटर विदेशी शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही शराब धंधेबाज मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






