विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण जिले के भीतहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 22 जुलाई 2026 को की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान जगन यादव (पिता स्व० ठगई, ग्राम जमुनिया, थाना भीतहा, जिला पश्चिम चंपारण) को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से कुल 48 पीस शराब (प्रत्येक 200 एमएल) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 9.600 लीटर है। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इस संबंध में भीतहा थाना में कांड संख्या-132/2026 दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बगहा न्यायालय भेज दिया गया। इस मामले में थाना प्रभारी अभिलाश कुमार ने बताया कि, “पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी हाल में इस तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से भी अपील है कि इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।” ।उन्होंने आगे कहा कि भीतहा थाना पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






