विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण), 11 जुलाई: पश्चिम चंपारण के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएस) ने बगहा स्थित बुद्धा चाइल्ड केयर के विरुद्ध प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ (बगहा-2) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। सीएस कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बगहा निवासी राजकरण ठाकुर द्वारा दिए गए परिवाद पत्र के आधार पर संस्थान की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाएगी। जांच नैदानिक स्थापना अधिनियम (क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट) एवं अन्य निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप की जाएगी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक तरीके से पूरी की जाए।

यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सीएस कार्यालय को सौंपना अनिवार्य होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि समय पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके। उल्लेखनीय है कि निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद बगहा क्षेत्र के निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों पर निगरानी बढ़ने की संभावना है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।






