वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच टंकी बाजार स्थित एक परचून की दुकान में विषैला कोबरा घुस जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में सामानों के बीच रेंगते कोबरा को देखकर दुकानदार राजेश पटेरा के होश उड़ गए। देखते ही देखते कोबरा आधे शरीर को उठाकर फन फैलाते हुए फुफकारने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कोबरा को पकड़ने का अभियान शुरू किया। सामानों के बीच छिपे होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद टीम ने विषैले कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से दुकानदार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में रेंजर सत्यम कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में सांप रिहायशी इलाकों में आ सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने या सांप को मारने का प्रयास न करें, बल्कि उससे सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर जंगल में छोड़ सके।






