विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
प्रखंड बगहा एक अंतर्गत नगर परिषद वार्ड संख्या 35 के तेलिया टोला निवासी शिक्षक बिजेंद्र शर्मा एवं सरोज देवी की पुत्री तनु प्रिया ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। तनु प्रिया का यह सफर संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण है। एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचना उनकी लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताया जाता है कि तनु प्रिया का विवाह वर्ष 2024 के अप्रैल माह में बगहा नगर थाना क्षेत्र के महीपुर भतौड़ा पंचायत में हुआ था।

शादी के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। एक वर्ष की पुत्री की देखभाल करते हुए भी उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और सफलता की नई मिसाल कायम की। परिजनों के अनुसार, इस उपलब्धि में उनके पिता के मार्गदर्शन के साथ-साथ ससुर बालदेव शर्मा एवं सास हरिमती देवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं, तनु प्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति राजकुमार शर्मा और छोटे भाई बिपुल राज शर्मा को दिया है, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि दृढ़ निश्चय और मेहनत हो, तो हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा नेता बालदेव शर्मा, पत्रकार विजय कुमार शर्मा, शिक्षक घनश्याम शर्मा, प्रॉपर्टी डीलर बलराम शर्मा सहित कई समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने तनु प्रिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






