विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के नवलपुर के समाजसेवी रमेश कुमार राव ने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश कुमार तिवारी से पटना में शिष्टाचार मुलाकात कर राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवलपुर खलवाटोला (वार्ड संख्या-11) की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण कराने की मांग को लेकर एक आवेदन भी सौंपा।समाजसेवी रमेश कुमार राव ने मंत्री को दिए गए आवेदन में बताया कि विद्यालय में चारदीवारी नहीं होने के कारण छात्रों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विद्यालय परिसर खुला रहने से बाहरी लोगों का आवागमन बना रहता है, जिससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित होता है। इसके अलावा विद्यालय की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर भी हमेशा चिंता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि चारदीवारी का निर्माण होने से विद्यालय परिसर सुरक्षित होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।उन्होंने शिक्षा मंत्री को बताया कि खलवाटोला क्षेत्र के अभिभावक और ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय में चारदीवारी निर्माण की मांग कर रहे हैं। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के हित को देखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।शिक्षा मंत्री मिथलेश कुमार तिवारी ने आवेदन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर विद्यालय की समस्या का समाधान कराया जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।मुलाकात के बाद समाजसेवी रमेश कुमार राव ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि चारदीवारी निर्माण होने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा।क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय खलवाटोला में चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।






