विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो वायरल करना युवकों को महंगा पड़ गया। चौतरवा थाना क्षेत्र के बसवरिया गांव से जुड़े इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 जून 2026 को फेसबुक पर एक युवक की पिस्टल के साथ तस्वीर तेजी से वायरल हुई थी। इससे इलाके में भय का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआईयू टीम को जांच में लगाया गया। तकनीकी जांच के आधार पर वायरल फोटो में दिख रहे युवक की पहचान सोनेलाल कुमार, पिता चंदन यादव, निवासी बसवरिया (थाना-चौतरवा) के रूप में हुई।

पुलिस ने सोनेलाल कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि फोटो में इस्तेमाल की गई पिस्टल नन्हू (पिता रामनाथ यादव) की थी। इसके बाद पुलिस ने नन्हू को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के क्रम में नन्हू ने खुलासा किया कि उसने पिस्टल तबरेज अंसारी (पिता शरीफ अंसारी) से ली थी। पुलिस ने तबरेज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। आगे की पूछताछ में तबरेज अंसारी ने बताया कि पिस्टल उदय गौंड (पिता प्रहलाद गौंड) की है। पुलिस ने उदय गौंड के घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल बरामद कर उसे जब्त कर लिया, लेकिन वह मौके से फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास जारी है। इस संबंध में चौतरवा थाना कांड संख्या 212/26, दिनांक 10 जून 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस की चेतावनी:
बगहा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध हथियार रखना, उसका प्रदर्शन करना या सोशल मीडिया पर वायरल करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।






