विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण
पर्यटन नगरी वाल्मीकि नगर के जलसंसाधन विभाग ऊपरी शिविर स्थित तीन नंबर पहाड़ गंडक कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय अजगर सांप ने घर में घुसकर बिल्ली के दो बच्चों को निगल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, गंडक कॉलोनी निवासी एवं फल विक्रेता उकेश श्रीवास्तव के घर के बेडरूम में बिल्ली ने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया था। इसी दौरान वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल क्षेत्र से निकलकर एक विशालकाय अजगर घर में घुस आया और बिल्ली के दो बच्चों को निगल गया।

मां बिल्ली के चिल्लाने पर खुला राज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मां बिल्ली के लगातार चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के लोग कमरे में पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में विशालकाय अजगर मौजूद था, जिसने बिल्ली के दो बच्चों को निगल लिया था।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे जटाशंकर जंगल क्षेत्र में ले जाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग की अपील
रेंजर ने बताया कि बरसात और गर्मी के मौसम में जंगलों से निकलकर सांप एवं अन्य वन्यजीव रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने या स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।






