विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया एवं वन विभाग, हरनाटांड के संयुक्त तत्वावधान में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय श्री सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, विधायक (हरनाटांड), श्री मनोज कुमार, कार्यवाहक कमांडेंट, 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, श्री सत्यम कुमार, सहायक वन संरक्षक (VTR), श्री शिव कुमार राम, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर हरनाटांड़ , वन विभाग के कार्मिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडियाबंधु, ग्रामीणजन एवं 65 वाहिनी के कार्मिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते वैश्विक तापमान, जलवायु परिवर्तन, भूमि के कटाव एवं घटते भूजल स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जैव-विविधता के संरक्षण, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण तथा मानव स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया एवं वन विभाग का यह संयुक्त प्रयास प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।







