विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला पदाधिकारी ने किया पौधारोपण।
पर्यावरण संरक्षण के लिए अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील।
जिला प्रशासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन।
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने जामुन का पौधा लगाकर जिलेवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों ने भी जामुन, आंवला, महोगनी एवं अर्जुन के पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाई। वहीं जन सुनवाई कार्यक्रम में समाहरणालय पहुंचे चनपटिया प्रखंड के टिकुलिया चौक निवासी श्री अनिरुद्ध साह ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (1 से 5 जून) के तहत आयोजित जागरूकता हस्ताक्षर अभियान में जिला पदाधिकारी सहित सभी अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाहरणालय परिसर के साथ-साथ आईटीआई परिसर, बेतिया में भी एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध करा सकते हैं। कार्यक्रम में निदेशक, डीआरडीए श्री अरुण प्रकाश, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) श्री सुजीत कुमार, एनईपी श्री पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






