विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-727 मुख्य मार्ग स्थित धोबीघटवा तालाब में रविवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने और दैनिक कार्य के लिए निकले स्थानीय लोगों की नजर जब तालाब में तैरते शव पर पड़ी, तो मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल बगहा नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर मौजूद लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई इसे दुर्घटना मान रहा है तो कोई इसके पीछे साजिश की आशंका जता रहा है। हालांकि, पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में भय और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।






