Monday, May 25, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने की सौहार्द बनाए...

बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने की सौहार्द बनाए रखने की अपील

0
2

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बगहा, 25 मई आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को प्रेम, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को बगहा नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं सामाजिक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) निहार भूषण ने की। बैठक के दौरान बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपस्थित गणमान्य लोगों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे। साथ ही साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

एसडीपीओ निहार भूषण ने कहा कि बकरीद त्याग, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करने की भी अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने को कहा। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने कहा कि बगहा नगर थाना क्षेत्र में सभी त्योहार हमेशा शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं, जो यहां के लोगों की जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि मस्जिदों, ईदगाहों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और आमजन का सहयोग आवश्यक है। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस द्वारा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी स्तरों पर सतर्कता बरती जा रही है और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस मौके पर बगहा एक के बीडीओ प्रदीप कुमार, अंचलाधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव, नगर परिषद सिटी मैनेजर चंदन कुमार, पूर्व सभापति प्रतिनिधि फिरोज आलम, राकेश सिंह, दयाशंकर सिंह, सतीश वर्मा, अजय राउत, श्रवण कुमार, परवेज आलम, मो. तैफुल, महीपुर भतौड़ा मुखिया दुर्गेश ठाकुर, अभिनाश कुमार, कौनेन आलम सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!