वैवाहिक जीवन में आती है सुख, शांति, खुशहाली व समृद्धि
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य, धन-धान्य व पति के स्वस्थ्य व दीर्घायु जीवन की प्राप्ति के लिए वट सावित्री व्रत का अनुष्ठान रखा एवं विधि पूर्वक पूजन किया। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से पति की दीर्घायु के साथ-साथ वैवाहिक जीवन में सुख और समृद्धि आती है। उक्त बातें स्थानीय निवासी आरती देवी ने वट सावित्री पूजन के अवसर पर कहीं।

शिक्षक सुनिल कुमार ने कहा कि मान्यता है कि इसी दिन माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प और भक्ति से यमराज के हाथों से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस छीन लिए थे तभी से हिंदु धर्म में शादीशुदा महिलाएं अपने सुहाग की रक्षा के लिए हर साल ज्येष्ठ महीने की अमावस्या को यह व्रत रखती हैं। इस बार का वट सावित्री व्रत और भी खास है क्योंकि आज शनिवार होने की वजह से शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या का बेहद शुभ संयोग भी बन रहा है। यह संयोग अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्यशाली माना जाता है।






