विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। बगहा चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों को राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी का भुगतान अब तक नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 3 मार्च 2026 तक, यानी चीनी मिल बंद होने की अवधि तक, किसानों को ₹10 प्रति क्विंटल की दर से दी जाने वाली सब्सिडी अभी तक नहीं मिली है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए वाल्मीकि नगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर किसानों की बकाया राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गन्ना फसल में उर्वरक और दवा के छिड़काव का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है, जिसके लिए किसानों को पैसों की सख्त जरूरत है।

विधायक ने यह भी बताया कि बिहार के अन्य क्षेत्रों में गन्ना किसानों को ₹10 प्रति क्विंटल की सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन बगहा के किसानों को इससे वंचित रखा गया है। जबकि सरकार द्वारा यह राशि पहले ही संबंधित ईख पदाधिकारी के खाते में स्थानांतरित की जा चुकी है।इसके बावजूद अब तक भुगतान नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है, जो चिंताजनक है। विधायक ने जिलाधिकारी से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने तथा बगहा अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश देने का भी आग्रह किया है, ताकि किसानों को जल्द से जल्द उनकी बकाया सब्सिडी मिल सके।






