विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के तहत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 36 दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ने लाभुकों को ट्राई साइकिल प्रदान की। ट्राई साइकिल पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अपने संबोधन में सांसद डॉ. जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने लाभुकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और जीवन में आगे बढ़ने का प्रयास करें।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सहायता पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान सांसद ने प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन सहित सभी कर्मियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही इस प्रकार के कार्यक्रम प्रभावी रूप से संपन्न होते हैं।कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि संदीप श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सरकार की यह पहल सराहनीय है, जिससे दिव्यांगजनों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर थाना अध्यक्ष अमर कुमार, प्रखंड समन्वयक मधुसूदन कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष हरिलाल यादव, समाजसेवी उपेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






