विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ कथित अवैध हथियार के साथ गलत नियत से घर में घुसने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार गोविंदगंज थानान्तर्गत ग्राम लोकनाथपुर में दिनांक 02 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 12:30 बजे मदन साह (पिता–देवनन साह) के घर में एक व्यक्ति गलत नियत से घुस गया। आरोपी की पहचान विकास कुमार (उम्र लगभग 28 वर्ष), पिता–भरत साह, निवासी–लोकनाथपुर, थाना–गोविन्दगंज, जिला–पूर्वी चम्पारण के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि आरोपी अपने साथ एक देशी कट्टा लेकर पीड़ित के घर में घुसा था। जहां गृहस्वामी ने उसे पकड़ लिया, परन्तु वह हाथ छुड़ाकर भागने में सफल रहा। भागने के दौरान उसका देशी कट्टा मौके पर ही गिर गया, जिसे बाद में पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है। गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस द्वारा उक्त कार्रवाई गृहस्वामी के लिखित आवेदन के आधार पर थाना में दर्ज कांड संख्या 55/26 के तहत की गई है। जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त विकास कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और बरामद देशी कट्टा को भी जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है।






