विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
थाना क्षेत्र के ग्राम आजूआ स्थित इकबाल खान के चिमनी भट्ठा पर काम कर रहे मजदूरों के दो नाबालिग बच्चे अचानक लापता हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोला धांगर का पुत्र गुन्ना कुमार (10 वर्ष) एवं संजय धांगर का पुत्र शिवम कुमार (08 वर्ष) दिनांक 25 फरवरी 2026 को लगभग 3:00 बजे अपने परिजनों को बिना बताए कहीं चले गए थे। इस संबंध में परिजनों द्वारा 26 फरवरी 2026 को सुबह 9:00 बजे थाना में लिखित सूचना दी गई।परिजनों के आवेदन के आधार पर शिकारपुर थाना कांड संख्या 242/26 दिनांक 26/02/2026 को बीएनएस की धारा 137(2) एवं 140(3) के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को से मात्र दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की गुमशुदगी जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई संभव हो सके। साथ ही हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर बच्चों के अपहरण से संबंधित फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और बिना सत्यापन ऐसी खबरों को साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखने, नियमित रूप से स्कूल भेजने तथा सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की है।






