Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home स्पोर्ट्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बरदाहा की शानदार जीत, ट्रॉफी पर...

वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बरदाहा की शानदार जीत, ट्रॉफी पर जमाया कब्जा।

0
19

मुख्य अतिथि ने खेल भावना पर दिया जोर।

अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।

मझौलिया प्रखंड के नौतन खुर्द पंचायत अंतर्गत मदरसा खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय सेमरा वृत्त वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल मैच बरदाहा और विश्वास टीम के बीच खेला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जुटे। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़े और रोमांचक मुकाबले में बरदाहा की टीम ने विश्वास को तीन–एक से पराजित कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के हर सेट में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज सर्विस और सटीक स्मैश से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अंतिम सीटी के साथ ही बरदाहा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी अमर कुमार उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच सिखाता है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के चीफ गेस्ट एनडीपीएस के अधिवक्ता संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के टूर्नामेंट छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। वहीं चंपारण हेल्थ केयर सेंटर मझौलिया के निदेशक डॉ. मोहम्मद शमीम अख्तर ने खेल को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए युवाओं को नियमित खेलकूद अपनाने की सलाह दी। आयोजन समिति के सचिव डॉ. सरफराज आलम ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेमरा वृत्त में खेलों को बढ़ावा देना समिति की प्राथमिकता है। जिला पार्षद मोहम्मद जियाउद्दीन ने भी आयोजन की सराहना की। बताते चलें कि बरदाहा विजेता और विश्वास उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों को माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मान प्रकट किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!