बगहा में आरएसएस स्वयंसेवकों ने मनाया शरद पूर्णिमा उत्सव
मारवाड़ी अतिथि भवन और अनुमंडल कार्यालय मैदान में आयोजित हुए कार्यक्रम, योग-व्यायाम और खेल का किया प्रदर्शन
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। नगर के मारवाड़ी अतिथि भवन के मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों ने अपने छह प्रमुख उत्सवों में शामिल शरद पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने योग, व्यायाम, प्राणायाम और विभिन्न खेलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में अमृत रूपी खीर का प्रसाद सभी के बीच वितरित किया गया। पर्यावरण गतिविधि के जिला संयोजक जितेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम नगर कार्यवाह प्रवीण जी के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघचालक जटाशंकर जी ने की, जबकि बौद्धिक वक्ता के रूप में संजय तिवारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में संजय तिवारी ने शरद पूर्णिमा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं के साथ आकाश में अनुपम छटा बिखेरता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शरद पूर्णिमा को अपने छह प्रमुख उत्सवों में शामिल कर प्रतिवर्ष मनाता है। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षक की भूमिका राजीव कुमार ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने और नगर में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला व्यवस्था प्रमुख उमेश अग्रवाल तथा संतोष सोनी की टीम ने कई दिनों तक प्रयास किया।

इसी क्रम में बगहा-2 स्थित अनुमंडल कार्यालय के मैदान में भी शरद पूर्णिमा उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यवाह सतीश जी ने की, जबकि बौद्धिक वक्ता राजेंद्र पाठक रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए शरद पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने में नगर कार्यवाह प्रवीण, जिला कार्यवाह सतीश , उमेश अग्रवाल, जितेंद्र कुमार, ओमप्रकाश राही, मणिशंकर, संतोष सोनी, नितिन, अजय सोनी, राजीव, सुरेंद्र शाही, निशांत, हिमांशु, कमलेश, दिलीप सहित अन्य स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
