विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस जिला बगहा में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस सभागार में सितंबर माह की जिला स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने की। इसमें पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक अंचल, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी ने आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कांडों का समय पर निष्पादन करते हुए गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने तथा गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

एसपी ने गश्ती व्यवस्था मजबूत करने, प्रभावी वाहन जांच अभियान चलाने और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, वारंट एवं न्यायालयीय आदेशों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया। अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार छापेमारी और कठोर कार्रवाई, मद्यनिषेध अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा डायल-112 एवं सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और जागरूकता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
सितंबर में बगहा पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सितंबर 2026 में 411 गिरफ्तारियां की गईं। इनमें 249 गिरफ्तारी कांडों में तथा 162 गिरफ्तारी वारंट के मामलों में हुई।वहीं, न्यायालय से 18 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई, जिनमें हत्या के 8, पॉक्सो एक्ट का 1, आर्म्स एक्ट का 1, उत्पाद अधिनियम का 1 तथा विविध मामलों के 7 अभियुक्त शामिल हैं। उत्पाद अधिनियम से संबंधित 160 कांडों में 290 अभियुक्तों पर न्यायालय द्वारा कुल 11.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने सितंबर माह में वाहन जांच के दौरान 24.19 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा 1586.775 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि 402.24 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया। न्यायालय से संबंधित मामलों में 314 बीडब्ल्यू, 628 एनबीडब्ल्यू तथा 54 कुर्की आदेशों का निष्पादन किया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सभी थानाध्यक्षों की कार्यप्रणाली और प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि खराब प्रदर्शन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।






