बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, हरनाटांड़ पीएचसी की ओर से चलंत चिकित्सा दल ने शुरू किया अभियान
विजय कुमार शर्मा बगहा / नन्दलाल पटेल बाल्मीकि नगर पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा-2। बाढ़ के बाद संभावित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सेवा को लेकर अभियान शुरू कर दिया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियों की जानकारी देने के लिए माइकिंग के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के अंतर्गत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलंत चिकित्सा दल को भेजकर लोगों को चिकित्सीय उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सलाह उपलब्ध कराई जा रही है। चिकित्सा दल द्वारा प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही बीमारी से बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

अस्पताल प्रशासन की ओर से लोगों से बाढ़ के बाद स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की गई है। माइकिंग के जरिए लोगों को दूषित पानी और भोजन से बचने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। चलंत चिकित्सा दल के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का उद्देश्य बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली संभावित बीमारियों की रोकथाम के साथ जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही गई है।






