नाव के सहारे बाढ़ प्रभावित लोगों तक पहुंचकर वितरित की आवश्यक वस्तुएं
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
ठकराहा, पश्चिम चम्पारण। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के ठकराहा प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर पंचायत में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने नाव के सहारे पहुंचकर राहत सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। श्रीनगर पंचायत मुख्य भूमि से कटा हुआ क्षेत्र है और चारों ओर नदी होने के कारण बरसात के मौसम में यहां आवागमन काफी कठिन हो जाता है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हाल में पंचायत में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ था। हालांकि अब बाढ़ का पानी उतर चुका है, लेकिन कई स्थानों पर जलजमाव के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है।

ऐसे हालात में विधायक ने नाव के माध्यम से पंचायत पहुंचकर ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित की, ताकि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक लोगों को जरूरी सामान के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़े। विधायक ने कहा कि बाढ़ आने के पहले दिन से ही सरकारी राहत की प्रतीक्षा किए बिना अपने स्तर से प्रभावित लोगों के बीच सूखा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य शुरू कर दिया गया था। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में लगे सभी विभागों को निर्देश दिया गया था कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और जरूरतमंदों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाई जाए।

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तत्परता के लिए बगहा एसडीएम, पश्चिम चम्पारण के जिलाधिकारी, एडीएम सहित संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार जताया। विधायक ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रभावित लोगों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।






