विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मुजफ्फरपुर। पितृ पक्ष के पावन अवसर पर स्वर्गीय कामेश्वर सिंह जनशक्ति की पुण्य स्मृति में अघोरिया चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में स्वरांजलि सेवा संस्थान की ओर से भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पुजारी आचार्य पंडित राजीव मिश्रा, समाजसेवी ध्रुव नारायण साह एवं सत्संगी महिला मृदुला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद संस्थान के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की।

इस अवसर पर मृदुला ने कहा कि स्वरांजलि सेवा संस्थान छोटे-बड़े देवस्थलों पर विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। वहीं आचार्य पंडित राजीव मिश्रा ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक संस्कारों का विकास होता है। समाजसेवी ध्रुव नारायण साह ने कहा कि कलियुग में भक्ति ही मुक्ति का मार्ग है। भजन-कीर्तन के माध्यम से मन को शांति और समाज को सद्भाव का संदेश मिलता है। कार्यक्रम के दौरान भजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। देर रात तक श्रद्धालु तालियों की गूंज के बीच भक्ति गीतों पर झूमते रहे। आयोजन में गौरी देवी, बबिता देवी एवं भूमिका की भूमिका सराहनीय रही।

इस दौरान आगामी 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर वाल्मीकिनगर में आयोजित होने वाली 160वीं नारायणी गंडकी महाआरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मृदुला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आचार्य पंडित राजीव मिश्रा ने किया। अंत में सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






