आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को करीब 12:02 बजे हेलीकॉप्टर से बथना स्थित पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मुख्य सचिव, डीजीपी, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार, विधायक विनय बिहारी समेत प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहले से मौजूद थे। बथना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद विद्यालय परिसर में नवनिर्मित हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था और बाढ़ आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ आश्रय केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि गंडक और कोसी नदी के तटबंधों के पक्कीकरण को लेकर सर्वे का काम चल रहा है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर तटबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।इसके बाद मुख्यमंत्री मच्छरगांवा होते हुए बनकटवा और शिवराजपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। एसडीआरएफ की नाव से उन्होंने जलजमाव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बथना स्थित बाढ़ आश्रय केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण भी किया गया।






