Tuesday, September 29, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, पीड़ित परिवारों से सुनी समस्याएं

बगहा पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, पीड़ित परिवारों से सुनी समस्याएं

0
12

नंदलाल पटेल बाल्मीकि नगर / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिमी चंपारण

वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण। वाल्मीकिनगर क्षेत्र में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और टोलों में जाकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को करीब से जाना। सांसद के पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। पप्पू यादव ने कारह्वा दलित बस्ती, गोदाम टोला समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति, घर-गृहस्थी को हुए नुकसान और रोजमर्रा की जरूरतों के बारे में जानकारी ली। लोगों ने उन्हें बताया कि बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने भोजन, पेयजल और आवश्यक सामान की समस्या उत्पन्न हो गई है। सांसद ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दौरे के दौरान पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित सैकड़ों महिलाओं को सहयोग के रूप में 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। आर्थिक मदद मिलने पर महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आभार जताया। सांसद ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना जरूरी है और उनकी जरूरतों को समझकर सहयोग किया जाना चाहिए। मौके पर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा भी मौजूद रहे। विधायक ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों की जरूरतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने की बात कही।

सांसद के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान और राहत कार्य में तेजी लाने की मांग भी रखी। सांसद ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को उचित स्तर पर उठाया जाएगा और जरूरत के अनुसार सहयोग का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!