आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। लौरिया-रामनगर मुख्य मार्ग पर सिकरहना नदी पुल के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. कौशल किशोर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया।घायलों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के कोइरीगांवा निवासी अर्जुन यादव (45), बगहा निवासी संजय मिश्रा (50) और अरेराज थाना क्षेत्र के मंगुराहा निवासी लड्डू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सिकरहना पुल के समीप दोनों बाइक आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।

सूचना मिलने पर लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।






