बंगाली कॉलोनी व रोहुआ टोला के प्रभावित परिवारों को राहत शिविर में कराया गया विस्थापित
विजय कुमार शर्मा बगहा / नन्दलाल पटेल वाल्मिकीनगर पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा, पश्चिम चंपारण। गंडक बराज से छोड़े गए पानी के कारण भेड़िहरी गांव के बंगाली कॉलोनी एवं रोहुआ टोला में कई घरों में पानी प्रवेश कर जाने के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। शनिवार, 26 सितंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी, अपर समाहर्ता पश्चिमी चंपारण, अंचल अधिकारी वसीम अकरम तथा एसएसबी 65वीं वाहिनी के कमांडेंट ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जलजमाव से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रभावित परिवारों को उच्च विद्यालय, भेड़िहरी में बनाए गए राहत शिविर में विस्थापित किया जा रहा है, जहां उनके रहने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। राहत शिविर में प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को भोजन के साथ-साथ आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का ध्यान रखने तथा राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

प्रशासन की टीम द्वारा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जलस्तर एवं प्रभावित इलाकों की स्थिति के अनुसार जरूरत पड़ने पर अन्य आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही गई है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता बताई गई है।






