विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
रामनगर। धर्मकांटा से संबंधित मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने जिला पदाधिकारी, पश्चिमी चंपारण-बेतिया के मौखिक निर्देश के आलोक में मेसर्स बजरंग धर्मकांटा, नारायणपुर रोड, रामनगर के तौल सेतु की जांच की। जांच के दौरान सहायक निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान, पश्चिमी चंपारण, प्रखंड विकास पदाधिकारी रामनगर, अंचल अधिकारी रामनगर, नगर परिषद रामनगर के कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक रामनगर तथा जिला प्रबंधक, बिहार राज्य खाद्य निगम, बेतिया सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने धर्मकांटा के तौल सेतु की व्यवस्था एवं उससे संबंधित आवश्यक बिंदुओं की जांच की।

इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा रामनगर स्थित एसएससी गोदाम का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। वहीं, रामनगर में सब्जी एवं अन्य बाजारों को किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट किए जाने के प्रस्ताव को लेकर नगर परिषद रामनगर में खुदरा व्यवसायियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। व्यवसायियों से बाजार स्थानांतरण को लेकर उनकी राय एवं समस्याओं की जानकारी ली गई।

प्रशासन द्वारा धर्मकांटा की शिकायतों की जांच तथा बाजार व्यवस्था को लेकर व्यवसायियों के साथ बैठक किए जाने से स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हुई हैं।






