विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। रामनगर में डायल-112 की सेवा में तैनात दो पुलिसकर्मियों के शराब सेवन का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई वायरल वीडियो के आधार पर की गई जांच के बाद हुई।पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो के आधार पर रामनगर एमईआरवी डायल-112 में प्रतिनियुक्त पीटीसी/823 सुरेन्द्र कुमार मुर्मू एवं हवलदार/29 सुनील कुमार महतो के संबंध में जांच कराई गई। दोनों पुलिसकर्मी डायल-112 वाहन के साथ शराब का सेवन करते पाए गए। मामले की पुष्टि के लिए दोनों पुलिसकर्मियों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई। इसके साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामनगर से भी मामले की जांच कराई गई। जांच के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक, बगहा ने दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार, सुरेन्द्र कुमार मुर्मू और सुनील कुमार महतो को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवनयापन भत्ता पर निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, बगहा निर्धारित किया गया है। डायल-112 पुलिस की आपातकालीन सेवा से जुड़ी व्यवस्था है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के शराब सेवन के आरोप को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद यह कार्रवाई की है।






