आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान प्रवासी यात्रियों की घर वापसी को देखते हुए रेलवे ने अमृतसर और कोलकाता के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे पश्चिम चंपारण समेत इस रेलखंड के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04624 अमृतसर-कोलकाता फेस्टिवल स्पेशल प्रत्येक बुधवार को 7 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04623 कोलकाता-अमृतसर फेस्टिवल स्पेशल प्रत्येक शनिवार को 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक परिचालित की जाएगी। यह विशेष ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सुगौली होते हुए चलेगी। त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए फेस्टिवल स्पेशल का परिचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अमृतसर-कोलकाता के बीच इस विशेष ट्रेन के चलने से पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा। खासकर बगहा, नरकटियागंज और बेतिया क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह ट्रेन त्योहारों के दौरान अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।






