विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय बगहा-2 स्थित RTPS केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों की जांच की। निरीक्षण के दौरान निवास प्रमाण पत्र गलत तरीके से बनाए जाने की सूचना के आलोक में संबंधित अभिलेखों एवं प्रक्रिया की जांच की गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया मामले को गंभीरता से लेते हुए बगहा-2 प्रखंड के आईटी कर्मी से स्पष्टीकरण मांगे जाने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीओ ने संबंधित कर्मी से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितता के संबंध में जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की उपस्थिति पंजी की भी जांच की। जांच में पाया गया कि कई कर्मियों द्वारा निर्धारित तिथियों पर उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। वहीं, जिन तिथियों में कर्मियों की उपस्थिति दर्ज नहीं थी, वहां पंजी में खाली स्थान छोड़ दिया गया था।

उपस्थिति पंजी में इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लिपिक से भी स्पष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। एसडीओ ने कार्यालयी अभिलेखों के संधारण और कर्मियों की उपस्थिति व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुमंडल प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों के उचित संधारण तथा सरकारी सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे लोगों के आवेदनों के नियमानुसार निष्पादन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।






