आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। पश्चिमी चंपारण के लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को मिशन परिवार विकास अभियान का शुभारंभ हुआ। 14 से 26 सितंबर तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देने के साथ छोटे परिवार के लाभ के प्रति जागरूक करना है। अभियान के तहत जागरूकता सारथी रथ गांव-गांव पहुंचकर परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों की जानकारी देगा।

स्वास्थ्य संस्थानों में महिला नसबंदी, पुरुष नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन और आईयूसीडी समेत अन्य गर्भनिरोधक सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका व स्वास्थ्यकर्मी चौपाल और बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे।एसीएमओ डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि परिवार नियोजन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और स्वस्थ परिवार के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने योग्य दंपतियों से उपलब्ध नि:शुल्क सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. आरएस मुन्ना, प्रताप सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार मौजूद रहे।






