बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर। वाल्मीकिनगर वन प्रक्षेत्र के जटाशंकर वन परिसर अंतर्गत संतपुर गांव में वन्यजीव के कारण हुई जान-माल की क्षति के मामलों में वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि प्रदान की गई। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा राजेश काजी, श्रीमती लीलावती देवी एवं रिंकू देवी को नियमानुसार मुआवजा दिया गया। मुआवजा वितरण के दौरान वन विभाग के वनपाल एवं वनरक्षी के साथ संतपुर गांव के गुमाश्ता, ईडीसी अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वन विभाग की ओर से पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें भरोसा दिलाया गया कि वन्यजीवों से संबंधित घटनाओं में विभागीय स्तर पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने वन विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वन क्षेत्र से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही के कारण कई बार ग्रामीणों को जान-माल के नुकसान का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में समय पर मुआवजा मिलने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है। वन विभाग ने ग्रामीणों से वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को देने की अपील की।






