18 महीने में पूरा होगा काम, जलजमाव से मिलेगी राहत; एनएच-727 तक आसान होगा आवागमन
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
शहर के कालीबाग ओपी थाना चौक से जमादार टोला होते हुए मनुआ पुल के समीप एनएच-727 तक जाने वाली वर्षों पुरानी जर्जर सड़क की तस्वीर अब बदलने वाली है। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। योजना के लिए चयनित संवेदक ने एकरारनामा कर लिया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत सड़क और नाला निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके तहत बदहाल सड़क पर डबल लेन पीसीसी सड़क और दोनों जरूरत के अनुरूप आरसीसी नाला बनाया जाएगा। योजना को पूरा करने के लिए 18 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

महापौर के अनुसार योजना की अनुमानित लागत करीब 8.88 करोड़ रुपये थी। निविदा में प्राप्त कम दरों के आधार पर मेसर्स एमएनटी डेवलपर्स लिमिटेड का करीब 7.37 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सबसे कम पाया गया। इसके बाद एजेंसी का चयन कर कार्यादेश जारी किया गया है। योजना का सबसे बड़ा लाभ कालीबाग ओपी, जमादार टोला और मनुआ पुल क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। बारिश में सड़क और आसपास के मोहल्लों में जमा होने वाले पानी की निकासी आरसीसी नाले के जरिए व्यवस्थित होगी। इससे जलजमाव से सड़क के बार-बार खराब होने की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।

महापौर ने कहा कि सड़क बनने के बाद इस क्षेत्र की एनएच-727 से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे स्थानीय यातायात के साथ आम लोगों और बाहर से आने वाले लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।






