वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
एसएसबी की 21वीं वाहिनी, बगहा द्वारा कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के निर्देशन में सीमावर्ती एवं जीवंत गाँवों में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर विभिन्न जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 12 सितंबर को 21वीं वाहिनी के अधीन डी- समवाय, गंडक बैराज द्वारा जीवंत गाँव संतपुर में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों को नशामुक्त भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं स्वच्छ भारत अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत एवं सामुदायिक जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, सभी से इन अभियानों को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।

21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के सभी सीमावर्ती एवं जीवंत गाँवों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों एवं विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार बनाना है।






