जवानों ने मौके पर पहुंचकर दिया प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस से सभी घायलों को पहुंचाया अस्पताल
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) मुख्यालय के गेट नंबर-1 के सामने दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक महिला समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही 21वीं वाहिनी SSB के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के निर्देश पर वाहिनी के कार्मिक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना में घायल सभी लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। जवानों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद वाहिनी के चिकित्सा अधिकारी सह उप कमांडेंट डॉ. यादवेंद्र यादव की निगरानी में सभी घायलों को SSB की एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल (SDH), बगहा भेजा गया, जहां उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

SSB जवानों की इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका। हादसे के बाद SSB के जवानों द्वारा दिखाई गई मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि दुर्घटना के समय SSB जवानों ने जिस तरह बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की, वह मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।






