विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
भितहा। भितहा थाना क्षेत्र की डीही पकड़ी पंचायत के वार्ड नंबर-4 स्थित पूर्वी मच्छाहा गांव में गुरुवार को भैंसे के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मज़हर हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भैंसे ने अचानक मज़हर हुसैन पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। हमले में उनके सिर और आंख के आसपास गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी मेडिकल सेंटर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पडरौना के चिकित्सक डॉ. ए.के. सिंह के पास ले जाने की सलाह दी। परिजन घायल मज़हर हुसैन को लेकर पडरौना पहुंचे, जहां डॉ. ए.के. सिंह ने उनकी स्थिति का परीक्षण करने के बाद उन्हें आगे बेहतर इलाज के लिए डॉ. के.डी. के पास रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का इलाज डॉ. के.डी. के यहां चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में खुले घूमने वाले आक्रामक पशुओं पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।






