दवाओं, जांच सुविधाओं और स्वच्छता की नियमित निगरानी के साथ ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने का लिया गया निर्णय
वाल्मीकिनगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) वाल्मीकिनगर में बुधवार को जन आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों को सुलभ, सरल और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना रहा। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
समिति की सचिव डॉ. सीमा गिरी ने बताया कि रोगी कल्याण समिति को परिवर्तित कर जन आरोग्य समिति का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी एवं प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित समीक्षा के माध्यम से ग्रामीणों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। समिति एचडब्ल्यूसी में दवाओं, जांच सुविधाओं और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करेगी।
बैठक में भवन एवं उपकरणों की साफ-सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनटाइड फंड का उचित उपयोग करने तथा स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी चर्चा हुई। डिजिटल माध्यमों से ग्रामीणों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने पर बल दिया गया।
इसके अलावा महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित हो सकें। समिति ने एचडब्ल्यूसी में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरतमंद मरीजों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। मौके पर लोकेंद्र कुमार अनिल कुमार आरती कुमारी विपिन कुमार मिश्रा विनय कुमार आदि मौजूद रहे।






