वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
भारत के गौरव महानतम हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद जी के 121वीं जयंती के अवसर पर *फिट इंडिया- संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया। ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का शुभारंभ कमांडेंट एसएसबी 21वीं वाहिनी द्वारा मंगलपुर कैंपस, बगहा से शुरू कर, गंडक बराज वाल्मीकिनगर में समाप्त किया गया। रैली में एसएसबी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, पुलिसकर्मी, स्थानीय विशिष्ट जन, आम नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली के माध्यम से बगहा शहर तथा वाल्मीकि नगर तक पूरे सीमा क्षेत्र के स्थानीय युवा/ जनमानस को नियमित साइकिल चलाने, शारीरिक व्यायाम अपनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान, कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण से संबंधित संदेशों के साथ इसे हर संडे साईकिल चलाने का जनांदोलन बनाने के लिए प्रेरित किया l साइकिल रैली के पहले चरण में एसएसबी 21वीं वाहिनी मुख्यालय बगहा से रामपुर चौक होते हुए गोबरहिया बॉर्डर रोड पहुँची। इसके पश्चात रैली का अगला चरण भेड़ियारी चौक से प्रारंभ हुआ, जिसमें चकदहवा सीमा चौकी के बलकर्मी भी शामिल हुए। इसके पश्चात रैली लक्ष्मीपुर चौक पहुँची, जहाँ रामपुरवा सीमा चौकी के बलकर्मी रैली में सम्मिलित हुए। रैली आगे बढ़ते हुए टंकी बाजार पेट्रोल पंप तक पहुँची, जहाँ सीमा चौकी गंडक बराज के बलकर्मी, बिहार पुलिस के अधिकारी व जवान, स्कूल के बच्चे एवं स्थानीय नागरिक भी उत्साहपूर्वक रैली में शामिल हुए। तत्पश्चात सभी प्रतिभागियों के साथ रैली गंडक बराज होते हुए बराज कंट्रोल रूम तक पहुँची। गंडक बराज कंट्रोल रूम के पास स्थानीय जनमानस द्वारा रैली का भव्य स्वागत किया गया, जहाँ स्थानीय नागरिकों ने माला पहनाकर कमांडेंट व अन्य प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।






