विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
हरनाटांड़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हरनाटांड़ परिसर में सोमवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। अस्पताल में जन्म लेने वाली बेटियों के माता-पिता को बधाई पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पहल का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. बी. एन. सिंह ने वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में किया।

डॉ. के. बी. एन. सिंह ने बताया कि इस पहल की शुरुआत उन्होंने 2 जनवरी 2021 को अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा में की थी। इसका उद्देश्य समाज में यह सकारात्मक संदेश देना है कि बेटी अभिशाप नहीं, बल्कि परिवार और समाज के लिए वरदान है। बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाकर लोगों की सोच में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर, शिक्षा और सम्मान देकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। अस्पताल में जन्म लेने वाली प्रत्येक बेटी के माता-पिता को सम्मान पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाना इसी दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने वाला कदम बताया। इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेन्द्र काजी, युवा विधायक प्रतिनिधि बिट्टू काजी, थारू महासंघ के महामंत्री राजकुमार महतो, अशोक महतो, प्रेमनाथ काजी, हरिहर महतो, पप्पू खतईत सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।






